हिसार। आदमपुर में एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर राकेश कुमार का अपहरण कर 5 लाख रुपये लूट लिए। पीड़ित राकेश कुमार का आरोपी मनोज कुमार के साथ 18 लाख रुपये का लेनदेन था। 17 फरवरी को वह अपने दोस्त सतपाल के साथ मनोज के घर हिसाब-किताब करने गया। इस दौरान मनोज घर पर नहीं मिला। कुछ देर बाद मनोज अपने साथी कुलदीप, हितेश, देव और पालाराम के साथ आया। आरोपियों ने सतपाल को बंधक बना लिया और गाड़ी में अपहरण कर दूसरे गांव ले गए। इसके बाद मारपीट की।
आरोपियों ने राकेश से 30 लाख रुपये मांगे, नहीं तो जान से मारने की धमकी दी। मजबूरी में राकेश ने अपनी बुआ के बेटे नरेश से मदद मांगी। नरेश ने हिसार के सेक्टर-14 में आरोपियों के भेजे व्यक्ति को 5 लाख रुपये दिए। रुपये मिलने पर आरोपियों ने राकेश को छोड़ा। 18 फरवरी को राकेश को हिसार के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। आदमपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ अपहरण, बंधक बनाने और धमकी देकर रुपये वसूलने का केस दर्ज कर लिया है।