हिसार। कैमरी रोड निवासी मुकेश उर्फ कली (20) शनिवार को ईयरफोन लगाकर पटरी पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आकर घायल हो गया। राहगीरों की मदद से पुलिस ने उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अग्रोहा भेज दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुकेश ईयरफोन लगाकर रेलवे पटरी पार कर रहा था। इस दौरान उसे मालगाड़ी की आवाज सुनाई नहीं दी और उसका सिर बोगी से टकरा गया। हादसे में वह लहूलुहान हो गया। पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 की एंबुलेंस से उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे अग्रोहा रेफर किया।
मुकेश के पिता कृष्ण कुमार ने बताया कि बेटा निजी स्कूल की बस में सहायक के रूप में कार्य करता है। शनिवार को स्कूल से आने के बाद किसी से फोन पर बात करते हुए वह पैदल रेलवे लाइन पार कर रहा था, तभी हादसा हो गया। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जांच अधिकारी जितेंद्र कुमार ने मौके का निरीक्षण किया।