हिसार शिविर में योगाभ्यास के लिए उपस्थित जन महाराज मुनिश्री रंजीत कुमार से आशीर्वाद लेते हुए।
हिसार। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में अणुव्रत समिति के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल की अध्यक्षता में बालसमंद रोड स्थित कपिल जैन भवन योग शिविर का आयोजन किया गया। मुनि रंजीत कुमार के सानिध्य में आयोजित योग शिविर का शुभारंभ नमोकार मंत्र से हुआ। अणुव्रत गीत विनोद जैन ने प्रस्तुत किया। मुनि कौशल कुमार ने उपस्थित लोगों को योगाभ्यास करवाया। उन्हें योग की विभिन्न विधियों के साथ-साथ उन्होंने ध्यान साधना आदि के बारे में भी बताया।
मुनि रंजीत कुमार ने बताया कि भागदौड़ के जीवन में योग स्वस्थ रहने का सर्वोत्तम उपाय है। योग, प्राणायाम व आसन हमें निरोगी और शारीरिक व मानसिक रूप से पूर्णतया स्वस्थ रखने में सक्षम हैं। योग से विभिन्न प्रकार की बीमारियां स्थायी रूप से ठीक हो सकती हैं और दवाओं से छुटकारा मिल जाता है। इसलिए सभी को योग अवश्य करना चाहिए। इस अवसर पर मंत्री दर्शन लाल, सभा प्रधान प्रमोद जैन, डॉ. सतेंद्र यादव, डॉ. रामकुमार सैनी, विनोद जैन, सुनील मित्तल, राजकुमार सोनी आदि मौजूद रहे।