हिसार। जुगलान गांव के पास बने ओम इंस्टीट्यूट के नजदीक रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार मजदूूूर की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में लाया गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सदर थाना पुलिस ने मृतक प्रीतम के बड़े भाई लीलू राम की शिकायत पर रोडवेज बस के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। देर शाम तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया।
धांसू गावं निवासी लीलू राम ने बताया कि 40 वर्षीय प्रीतम अपने पांच भाइयों में सबसे छोटा था और उसके दो बेटे हैं। वह जुगलान गांव में बस स्टैैंड के नजदीक बनी बीज फैक्टरी में मजदूरी करता था। मंगलवार सुबह फैक्टरी जाने के लिए बाइक लेकर घर से निकला था। वह जुगलान के नजदीक बने ओम इंस्टीट्यूट के पास सड़क पार कर रहा था, उसी दौरान करीब 8 बजे पीछे से आ रही रोडवेज बस चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। उस समय प्रीतम गंभीर रूप से घायल हो गया और बस चालक व परिचालक ने उसे नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। इसके बाद इसकी सूचना परिजनों को दी गई। फिर गंभीर हालत के चलते डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने उसे शहर के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके बाद परिजन मृतक के शव को लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचे। इस पर परिजनों ने न्याय की गुहार की है। वहीं रोडवेज चालक व परिचालक ने भी माफी मांगी है।