रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए खोदा गया फर्श।
हिसार। रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रस्तावित 16 नए सीसीटीवी कैमरों की इंस्टॉलेशन प्रक्रिया शुरू हो गई है। कैमरों को जोड़ने के लिए तार बिछाने का कार्य जारी है, जो तीन से चार दिनों में पूरा होने की संभावना है। इसके बाद कैमरे लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। वर्तमान में स्टेशन परिसर में 44 कैमरे लगे हुए हैं। नए कैमरे लगने के बाद पूरा स्टेशन बेहतर निगरानी दायरे में आ जाएगा।
अधिकांश ट्रेनें प्लेटफॉर्म नंबर 1, 2, 3 और 4 से संचालित होती हैं, इसलिए इन प्लेटफॉर्मों को विशेष रूप से कवर किया जाएगा ताकि यात्रियों की आवाजाही पर सटीक निगरानी रखी जा सके। हाल ही में प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर एक महिला का आठ माह का बच्चा दूसरी महिला द्वारा ले जाने की घटना के बाद रेलवे प्रशासन सतर्क हो गया है और सुरक्षा को और मजबूत किया जा रहा है।
स्टेशन पर डोम, बुलेट और पीटीजेड कैमरे लगाए जाएंगे। खासतौर पर पीटीजेड कैमरे 360 डिग्री घूमने, ऊपर-नीचे देखने और जूम करने की क्षमता रखते हैं, जिससे बड़े क्षेत्रों की प्रभावी निगरानी संभव हो सकेगी।
स्टेशन परिसर में 44 कैमरे लगे हुए हैं। अभी 16 कैमरे और लगाए जाने हैं। कैमरे लगने के बाद पूरा रेलवे स्टेशन कवर हो जाएगा। इन कैमरों का कंट्रोल रूम आरपीएफ कार्यालय में रहेगा।
- सुनील कुमार, इंचार्ज, आरपीएफ थाना, रेलवे।