हिसार। सेक्टर-33 की 15 सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई शुरू होने के बाद रेजिडेंट सभा की कार्यकारिणी ने कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। प्रधान बलवान शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि सड़क निर्माण, टावर लगाने, मैनहोल व पाइप लाइनों की सफाई और पार्कों के विकास का काम शुरू हो चुका है।
अब 12 नवंबर को मेयर प्रवीण पोपली की अध्यक्षता में एचएसवीपी अधिकारियों के साथ दोबारा बैठक कर प्रगति की समीक्षा की जाएगी। बलवान शर्मा ने बताया कि समस्याओं का समाधान नहीं होने पर सभा ने 8 अक्तूबर को धरना-प्रदर्शन का नोटिस दिया था। इसके बाद मेयर प्रवीण पोपली और पार्षद प्रतिनिधि टीनू जैन की मध्यस्थता में 9 अक्तूबर को एचएसवीपी अधिकारियों के साथ बैठक हुई।
इसमें अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए एक माह का समय मांगा था। उनके आश्वासन पर सभा ने धरना स्थगित कर 12 नवंबर को समीक्षा बैठक करने का निर्णय लिया था।
सिरसा रोड से तीसरे गेट तक लंबे समय से लंबित सड़क का निर्माण शुरू हो गया है। सेक्टर में टावर लगाने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। इसके अलावा सीवरेज की सफाई और पार्कों के विकास का काम चल रहा है। बैठक में सेक्टरवासियों के अतिरिक्त सुझावों और अन्य समस्याओं पर भी चर्चा की गई। इन्हें 12 नवंबर को होने वाली बैठक में अधिकारियों के सामने रखा जाएगा। इस दौरान साधुराम भ्याण, पूर्व प्रधान राजपाल नैन, मनोज कुंडू, दलील सिंह गोदारा, कैप्टन यशपाल परमार, देवेंद्र कुंडू, दीपक मंगल और डॉ. अनूप गोयल सहित कार्यकारिणी के कई सदस्य उपस्थित रहे।