हिसार। दौलतपुर गांव में शराब के नशे में कार सवारों ने महिलाओं के साथ दुव्यर्वहार किया। आसपास के लोगों ने विरोध किया तो कार चालक ने दो लोगों पर कार चढ़ा दी। घायल रवि और सूरजभान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर उकलाना थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में दौलतपुर गांव के रवि शर्मा ने बताया कि दो फरवरी रात करीब साढ़े नौ बजे घर के सामने कार में बैठकर पांच युवक शराब पी रहे थे। युवक शराब के नशे में गालियां दे रहे थे। जब रवि की दादी मूर्ति देवी और ताई संतरो देवी उन्हें समझाने गईं तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इस पर रवि बाहर आया तो कार सवार प्रतीक ने डंडे से जबकि अन्य ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। शोर सुनकर संदीप, सूरजभान, सुभाष आए तो चालक ने रवि और सूरजभान पर कार चढ़ाकर घायल कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद