हिसार। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) में महिला आयोग की टीम के दौरे को छात्र संगठन डॉ. आंबेडकर स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीएएसएफआई) ने महज औपचारिकता बताया है। संगठन के प्रधान वीरभान रतेरा ने आरोप लगाया कि टीम ने छात्राओं की लंबित शिकायतों और उत्पीड़न के मामलों की स्थिति जानने के बजाय प्रशासन के कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
कुलपति आवास पर भोजन किया और भाषण देकर छात्राओं से बिना मिले ही टीम लौट गई। उन्होंने कहा कि आयोग को लंबित शिकायतों का रिकॉर्ड तलब कर उन पर हुई कार्रवाई की समीक्षा करनी चाहिए थी।
छात्राओं से बिना प्रशासन की मौजूदगी के बातचीत और गर्ल्स हॉस्टल में जाकर स्थिति का जायजा लेना चाहिए था। उन्होंने छात्राओं को हॉस्टल आवंटन से वंचित करने और पूर्व में बायोटेक विभाग की शोधार्थी की आत्महत्या से जुड़े गंभीर मामलों की निष्पक्ष समीक्षा की मांग की।