हिसार। राजगुरु मार्केट में खरीदारी के दौरान एक महिला का थैला फाड़कर पर्स चोरी कर लिया गया। पर्स में करीब ढाई हजार रुपये और जरूरी दस्तावेज थे। वहीं मार्केट के दुकानदारों ने सूट चोरी करने के आरोप में दो महिलाओं को पकड़ लिया। मुलतानी चौक निवासी रेशमा ने सिटी थाने में दी शिकायत में बताया कि वह राजगुरु मार्केट में खरीदारी करने आई थी। उसके पास सफेद रंग का थैला था जिसमें पर्स रखा हुआ था। दुकानदार को भुगतान करने के लिए जब उसने थैला संभाला तो वह फटा मिला। पर्स भी गायब था। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और महिला को शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने ले गई। वहीं सूट चुराने वाली महिलाओं ने दुकानदारों से माफी मांग ली। ब्यूरो