हिसार। जिले के एक गांव में महिला से दुष्कर्म कर उसकी अश्लील फोटो वायरल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान बजरंग पुत्र इन्द्र के रूप में हुई है।
महिला ने पुलिस को बताया कि वह एक फैक्टरी में मजदूरी करती है। सितंबर 2025 में वह बस अड्डे पर खड़ी थी और बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान उसके गांव का एक युवक बजरंग बाइक से आया। महिला से कहा कि वह उसे फैक्टरी तक छोड़ देगा। आरोपी गांव का था। इसलिए महिला उसकी बाइक पर बैठ गई। फैक्टरी जाने की बजाय आरोपी ने बाइक गांव कालीरावण की तरफ मोड़ ली। जब महिला ने उससे पूछा कि इधर कहां जा रहे हो तो आरोपी ने कहा कि उसे गांव में काम है। इसके बाद वह फैक्टरी में छोड़ देगा।
आरोप है कि बजरंग ने महिला को अपने भरोसे में लिया और चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी महिला को अग्रोहा मोड़ के एक होटल में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने उसकी अश्लील फोटो भी ले ली और धमकी दी कि अगर इस बारे में किसी को कुछ बताया तो वो ये फोटो वायरल कर देगा।
आरोपी ने फोटो किया वायरल
महिला का आरोप है कि आरोपी बजरंग ने 27 अक्तूबर 2025 को अश्लील फोटो वायरल कर दी। महिला ने अपने पति के साथ जाकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दी। इस संबंध में पुलिस प्रवक्ता विकास का कहना है कि इस मामले में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच जारी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।