हांसी। हिसार रोड पर केएफसी के समीप कार की टक्कर लगने से बाइक सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने घायल महिला के बेटे साहिल की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
शिकायत में प्रेम नगर निवासी साहिल ने बताया कि वह रविवार को अपनी बाइक पर सवार होकर हिसार कैंट जा रहा था। बाइक पर उसकी माता छन्नो देवी भी बैठी हुई थी। कैंट से वापस आते समय जब वह हिसार रोड पर केएफसी के समीप पहुंचा तो एक स्विफ्ट चालक कार को गलत दिशा से चलाता हुआ आया और उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह नीचे गिर गए। इस दौरान उसकी माता बेहोश हो गई और उसे गंभीर चोटें पहुंची। उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में लाया गया। जहां से उसे हिसार रेफर कर दिया। फिलहाल वह हिसार के निजी अस्पताल में उपचाराधीन हैं।