हिसार। जिले में शुक्रवार को गांव नियाणा निवासी 42 वर्षीय महिला स्वाइन फ्लू संक्रमित मिली। इसके साथ ही जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 63 हो गई है। इनमें दो मरीजों की मौत हो चुकी है। वीरवार को भी स्वाइन फ्लू का एक मामला सामने आया था। जिले में अब तक डेंगू के 17 और मलेरिया के चार मरीज भी मिल चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया कि स्वाइन फ्लू सूअर या चिकन का मांस खाने से नहीं होता। चिकित्सकों के अनुसार स्वाइन फ्लू यानी एच-1एन-1 श्वसन तंत्र से जुड़ा वायरस है, जो संक्रमित व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल सकता है। खांसी, बुखार, गले में खराश या सांस संबंधी परेशानी होने पर लापरवाही न बरतें और समय पर चिकित्सकीय सलाह लें।
जिले में अब तक 63 स्वाइन फ्लू संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर घबराने के बजाय तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें और जांच करवाएं। डॉक्टर की सलाह के बाद ही दवा लें। डॉ. सुभाष खतरेजा, वरिष्ठ चिकित्सक एवं मलेरिया प्रभारी, जिला नागरिक अस्पताल हिसार