हांसी। दयाल सिंह कॉलोनी में वीरवार शाम करीब साढ़े 5 बजे क्रेन के नीचे दबने से 24 वर्षीय विवाहिता अंजू की मौत हो गई। हादसे में उसका पति शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे गंभीर हालत में हिसार रेफर कर दिया है। पुलिस ने क्रेन चालक को हिरासत में ले लिया है। विवाहिता का शव नागरिक अस्पताल में रखा गया है। जिसका शुक्रवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
अंजू व शिवम की करीब 8-9 महीने पहले ही शादी हुई थी। परिजनों के अनुसार दोनों पैदल घर जा रहे थे। जब वह बरवाला रोड पर पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो एक क्रेन शिवम व अंजू पर चढ़ गई। बताया जा रहा है कि क्रेन का चालक तेज गति से क्रेन चला रहा था। जिसको लोगों ने मौके पर पकड़ लिया गया। शिवम व अंजू क्रेन के टायर के नीचे दब गए। हादसा होते ही स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़कर वहां पर पहुंचे। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है अंजू के सिर में गंभीर चोट लगी थी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगामी जांच कर रही है। संवाद