लोहारू। गांव कुशलपुरा के समीप शुक्रवार की मध्यरात्रि करीब दो बजे चूरू-दिल्ली ट्रेन से गिरने के कारण 67 वर्षीय महिला मनराजी की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही लोहारू जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतका मनराजी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के आजमपुर गांव की रहने वाली थीं और वर्तमान में गुरुग्राम में रह रही थीं। वह शुक्रवार की रात अपने दो बेटों केशराम और सुनील के साथ सालासर से गुरुग्राम लौट रही थीं। इसी दौरान गांव कुशलपुरा के समीप किसी कारणवश वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गईं जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
सूचना मिलने पर जीआरपी लोहारू की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उप नागरिक अस्पताल, लोहारू पहुंचाया। यहां पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के चार पुत्र हैं तथा वह अपने दो बेटों के साथ गुरुग्राम में रह रही थीं। लोहारू जीआरपी थाने के जांच अधिकारी राजकुमार ने बताया कि मृतका के पुत्र सुनील के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। संवाद