हिसार। जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ की टीम ने आंबेडकर बस्ती से एक महिला को 43 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के पास से 1 लाख 20 हजार की नकदी बरामद की है। शहर थाना पुलिस ने महिला के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
जांच अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि शनिवार रात पुलिस को सूचना मिली कि आंबेडकर बस्ती में काली देवी मंदिर के पास दो महिलाएं नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में खड़ी हैं। इसके बाद टीम बताए गए स्थान पर पहुंची तो काली देवी मंदिर के पास दो महिलाएं खड़ी दिखाई दीं। महिला पुलिस कर्मचारियों ने एक महिला को काबू किया और दूसरी महिला अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गई। पूछने पर उसने अपना नाम आंबेडकर बस्ती निवासी रीटा और भागने वाली महिला का नाम बस्ती की ज्योति बताया। डीएसपी सुनील कुमार की मौजूदगी में महिला पुलिस कर्मचारी द्वारा तलाशी लेने पर रीटा के से 43 ग्राम हेरोइन और 1 लाख 20 हजार रुपए बरामद हुए। जांच में सामने आया कि वह बस्ती के ही सतबीर और ईश्वर से 50 ग्राम हेरोइन लेकर आई और 7 ग्राम हेरोइन बेच दी।