हिसार। शहर के कैंप चौक पर शराब के नशे में हंगामा करने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, अदालत ने उसे जमानत पर रिहा कर दिया। महिला के खिलाफ शराब पीकर सार्वजनिक स्थल पर हंगामा करने के आरोप में मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
11 अप्रैल की रात करीब 11 बजे, महिला ने कैंप चौक पुल के पास अपनी गाड़ी बीच सड़क पर रोक दी। इस दौरान महिला ने गाली-गलौज की और जब लोगों ने गाड़ी हटाने को कहा, तो उसने खुद को नर्सिंग अधिकारी बताकर यह दावा किया कि उसकी एक लाख रुपये की सैलरी है और वह नई गाड़ी खरीद लेगी। लगभग 20 मिनट तक हंगामा करने के बाद महिला ने गाड़ी हटाई। पुलिस ने बताया कि इस दौरान महिला ने पुलिसकर्मियों से भी दुर्व्यवहार किया था।
महिला की पहचान शीला रानी के रूप में हुई जो राजस्थान के गंगानगर जिले के गांव नोबरा की निवासी है और हनुमानगढ़ जिले के गांव डाबरी में नर्सिंग अधिकारी के तौर पर ड्यूटी करती है। अर्बन एस्टेट चौकी प्रभारी और जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि महिला को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया है।