हिसार। भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई के 58वें जन्मदिन को उनके समर्थकों ने ‘जनहित दिवस’ के रूप में मनाया। कार्यक्रम का आयोजन मंडी आदमपुर दुकान नंबर 107 के सामने स्थित अनाज मंडी के शेड में आयोजित किया गया। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि उनके लिए यह पल बहुत भावुकता वाला है और किसी भी नेता के लिए बहुत भावुकता वाला होता है, जब कोई पद न होने के बावजूद लोग आपको दिल से से चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वे प्रदेश भर का दौरा जारी रखेंगे और जल्द ही प्रदेश स्तरीय रैली करेंगे। यह रैली ऐतिहासिक होगी और भीड़ के आज तक के हमारे सभी रिकॉर्ड को ध्वस्त करेगी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई ने कहा कि कुलदीप बिश्नोई को राजनीति में बार-बार धोखा मिला। सामाजिक तौर पर कुछ स्वार्थी लोगों ने उनकी छवि धूमिल करने की असफल कोशिश की। मगर मुश्किल से मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद चेहरे पर मुस्कान लिए जिस तरह से उनका जनहित के लिए संघर्ष रहा है, वह हम सबके लिए प्रेरणा स्रोत है। यही कारण है कि आज उनका जन्मदिन हम जनहित दिवस के रूप में मना रहे हैं। पूर्व विधायक दुड़ाराम ने कहा कि कुलदीप बिश्नोई प्रदेशभर में जनहित के लिए संघर्ष करने वाले विरले राजनेता हैं। राजनीति में उनके जैसी ईमानदारी का दूसरा उदाहरण आपको शायद ही देखने को मिले। विधायक रणधीर पनिहार ने कहा कि दोस्ती एवं ईमानदारी की मिसाल कुलदीप बिश्नोई ने जनहित के लिए संघर्ष करके जनता के दिलों में जगह बनाई है और यह सिर्फ जननेता ही कर सकता है।