मंडी आदमपुर/हिसार। हमने क्राइम, करप्शन पर प्रहार किया। जातिवाद की राजनीति को भी तोड़ा। यह चुनाव नहीं बल्कि एक मौका है, कांग्रेस को अंतिम चोट मारने का। यह उपचुनाव 26 साल से वनवास में बैठे लोगों के लिए मौका है। 2005 में कांग्रेस पार्टी में चौधरी भजनलाल के साथ धोखा हुआ था। अपना हिसाब-किताब चुकता कर लो। 26 साल में की कमी को दो साल में पूरी करने की जिम्मेदारी लेता हूं। आदमपुर से मुझे भव्य का हाथ पकड़ा दे, उसके बाद सारी जिम्मेदारी मेरी है। यह कहना है सीएम मनोहरलाल का। वे मंगलवार को आदमपुर उपचुनाव प्रचार के आखिरी दिन अनाज मंडी में भाजपा-जजपा के उम्मीदवार भव्य बिश्नोई के लिए वोट मांगने पहुंचे थे।
इस मौके पर शहरी निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, बिजली मंत्री रणजीत सिंह, कृषि मंत्री जेपी दलाल, सहकारिता मंत्री बनवारी लाल, शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर, राज्यमंत्री अनूप धानक, डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, सांसद बृजेंद्र, सुनीता दुग्गल सहित अन्य उपस्थित रहे।
कांग्रेस डूबता जहाज, फ्यूज बल्ब को उतारा मैदान में
रैली के दौरान सीएम मनोहर लाल ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। सीएम के साथ डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला समेत आठ मंत्री मंच पर नजर आए। सीएम ने अशोक तंवर, कुमारी सैलजा को कांग्रेस अध्यक्ष के पद से हटाने से लेकर मिर्चपुर कांड की याद दिलाई। उन्होंने पूर्व सीएम हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि सीएम रहते हुए राम रमी की होती तो आज करने की जरूरत नहीं पड़ती। कांग्रेस डूबता जहाज है जोर लगा दो, निकालने में नहीं डुबोने में। आदमपुर के लिए हुड्डा पिता-पुत्र को यहां कोई उम्मीदवार नहीं मिला, इसलिए जेपी के रूप में फ्यूज बल्ब को लाकर उतार दिया। यह प्रत्याशी आपको गाली देता रहा है। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को भी उसने गाली दी थी। हमने जींद उपचुनाव में एक नेता को पैक कर कैथल भेज दिया था, अब आदमपुर से दूसरे को पैक कर कैथल भेज दो।
5 एस फार्मूले पर फोकस
सीएम ने कहा कि हमने शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वावलंबन और स्वाभिमान पर फोकस करते हुए जनता की सेवा की। सुशासन के बिना इनका कोई मतलब नहीं।
जसमा देवी बोली वोट देना, भाई वोट देना
अपना संबोधन देने से पहले सीएम चौधरी भजनलाल की पत्नी जसमा देवी को मंच तक लेकर आए। जसमा देवी ने केवल दो लाइन बोली वोट देना, भाई वोट देना। मंच का संचालन डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने किया।
कुलदीप और भव्य ने मांगी माफी
पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई और प्रत्याशी भव्य बिश्नोई ने कहा कि मेरी कुर्बानियों को आशीर्वाद देना। हमसे या हमारे परिवार से कोई गलती हुई है तो माफ कर देना। हमारे बहुत से साथी प्रदेश भर से आए हैं। भव्य बिश्नोई ने कहा कि चौधरी मुझे अपने दादा चौधरी भजनलाल का स्वर्णिम दौर वापस लाना है।
लोहा गरम है, चोट मार दो : दुष्यंत चौटाला
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा खास तौर पर नाना-नानियों, मामा-मामियों को नमस्कार। मेरा ननिहाल होने के कारण आदमपुर से मेरा प्यार ज्यादा है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि कांग्रेस थकी हुई है और मरी हुई है। लोहा गरम है, चोट मार दो। यह कपास की चुगाई का समय है। आपको एक-एक वोट की चुगाई करनी है। जीत के अंतर को बढ़ाने का काम करें।
विज ने आप को खरपतवार कहा
गृहमंत्री अनिल विज ने आम आदमी पार्टी (आप) को खरपतवार कहा। उन्होंने कहा कि इसे उखाड़ फेंको। इनेलो का गुंडाराज तो कोई भूल नहीं सकता। कांग्रेस ने ग्रीन ब्रिगेड के मुखिया को उतारा है। यह लोग फिर से आतंक का समय लाना चाहते हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा के लिए हमने जेल में स्पेशल कमरा तैयार कराया हुआ है।
आदमपुर रैली में एक युवक सीएम को महिला विरोधी का बताने का पोस्टर लेकर अंदर पहुंच गया। रोहतक जिले के गांव खरेंटी निवासी बिजेंद्र ने कहा कि वह अपनी बहन के लिए न्याय मांगने आया है। बिजेंद्र एक वाहन पर चारों ओर फ्लैक्स लगाकर पहुंचा। जिसमें वह अपनी बहन मनदीप कौर को टोहाना में चलती रेल से फेंक दिया गया था। इस हत्याकांड में प्रशासन की जांच अधूरी है। बिजेंद्र ने नारेबाजी की तो पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। बाद में उसे छोड़ दिया गया।
मंच पर जाते समय गिर
जांगड़ा समाज के लोग सीएम को हल देकर सम्मानित करने के लिए मंच पर पहुंचे। इस दौरान एक व्यक्ति सीएम की ओर जाते हुए मंच से नीचे गिर पड़ा। उन्हें चोट नहीं आई।