हिसार। 12वीं पास करने के बाद विद्यार्थियों को अपने मन पसंद कॉलेजों में दाखिला लेने के लिए इस बार भी मशक्कत करनी पड़ेगी। ग्रामीण क्षेत्रों के बजाय शहर के कॉलेजों में दाखिला लेने के लिए विद्यार्थियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलती है। हाल में जारी हुए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से 12वीं में करीब 14015 और सीबीएसई से 6342 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इसके अलावा ओपन से 12वीं करने वाले विद्यार्थियों की भी संख्या भी है।व हीं जिले के कॉलेजों में कुल 16830 सीटें हैं। ऐसे में जो विद्यार्थी दाखिले से वंचित रहेंगे वे दूसरे जिलों के कॉलेजों या दूरस्थ शिक्षा से अपनी पढ़ाई जारी रख पाएंगे।
जिले में गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों की संख्या 23 है। वहीं जिले में तीन कॉलेज कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से भी संबद्ध हैं। सभी कॉलेजों में यूजी कोर्स में करीब 16830 सीटें हैं। सबसे ज्यादा सीटें बीए में है और सबसे ज्यादा मुकाबला भी बीए में दाखिले को लेकर ही रहता है। इसके अलावा बीकॉम, मेडिकल, नॉन मेडिकल विषय मुख्य तौर पर शामिल हैं। हालांकि दाखिले को लेकर अभी कॉलेजों में शेड्यूल जारी नहीं हुआ है। महाविद्यालयों में इस बार नई शिक्षा नीति के तहत दाखिले करने की तैयारी है। वहीं कुछ कॉलेजों ने सीटें बढ़वाने को लेकर और कुछ नए कोर्स शुरू करवाने को लेकर भी हायर एजुकेशन को पत्र लिखा है। वहीं कुछ कॉलेज इस बार एनईपी के तहत सर्टिफिकेट कोर्स भी शुरू करवा रहे हैं। वहीं केयू से संबद्ध इंपीरियल कॉलेज में कुल 660 सीटें हैं।
जिले के कॉलेजों में यूजी सीटों का ब्योरा-
कॉलेज सीटें
1. एफजीएम कॉलेज, आदमपुर 1200
2. राजकीय कॉलेज, बरवाला 760
3. राजकीय कॉलेज, हिसार 1900
4. राजकीय कॉलेज, नलवा 480
5. राजकीय महिला कॉलेज, हिसार 960
6. राजकीय कॉलेज, हांसी 800
7. राजकीय कॉलेज, नारनौंद 660
8. राजकीय कॉलेज, खेड़ी चौपटा 240
9. राजकीय महिला कॉलेज, उगालन 240
10. राजकीय कॉलेज, बालसमंद 180
11. राजकीय कॉलेज, डाटा 160
12. राजकीय कॉलेज, उकलाना 160
13. राजकीय कॉलेज, मंगाली 320
14. राजकीय कॉलेज, अग्रोहा 60
15. जाट कॉलेज, हिसार 2210
16. दयानंद कॉलेज, हिसार 2240
17. एसडी महिला कॉलेज, हांसी 680
18. एफसी कॉलेज, हिसार 1740
19. गुरु द्रोणाचार्य महिला कॉलेज, मंडी आदमपुर 340
20.महारानी लक्ष्मी बाई कॉलेज, भिवानी रोहिल्ला 500
21. ओडीएम महिला कॉलेज, मुकलान 380
22. आशा महिला कॉलेज, पनिहार चक्क 260
23. ई फाइव महिला कॉलेज, गढ़ी 360