हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी राखीगढ़ी में आयोजित राखीगढ़ी महोत्सव के दौरान उपस्थित जन
नारनौंद/हिसार। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विश्व की प्राचीनतम हड़प्पा सभ्यता के साक्षी रहे राखीगढ़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल की सूची में शामिल कराएंगे। यहां शोध के लिए राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है। इस राष्ट्रीय धरोहर के लिए केंद्रीय बजट में 500 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को राखीगढ़ी में दूसरे राज्य स्तरीय राखीगढ़ी महोत्सव के उद्घाटन पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
सैनी कहा कि राखीगढ़ी में अब तक की गई खोदाइ से स्पष्ट होता है कि हजारों वर्ष पहले यह क्षेत्र एक बड़ा औद्योगिक और व्यापारिक केंद्र था। सुनियोजित सड़कें, जल निकासी, स्वच्छता और जल प्रबंधन की उत्कृष्ट व्यवस्था थी। विश्व की सबसे बड़ी प्राचीन नगर सभ्यता का महत्वपूर्ण केंद्र हरियाणा में होना प्रदेशवासियों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम, उज्जैन में महाकाल कॉरिडोर, अयोध्या में श्रीराम मंदिर और राखीगढ़ी जैसे स्थल नए भारत की पहचान बन रहे है। राखीगढ़ी में खोदाई से यह तथ्य सामने आया है कि प्राचीन समाज में महिलाओं को सम्मान और समान अवसर प्राप्त थे। हरियाणा की बेटियां उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए खेल, शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन और सेना में देश का नाम रोशन कर रही हैं। पुरातात्विक महत्व वाले ऐतिहासिक स्थल अग्रोहा में भी उत्खनन कार्य किया किया जा रहा है।
हरियाणा में करीब 100 स्थल पुरातात्विक दृष्टि से महत्वपूर्ण
सीएम सैनी ने कहा कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अनुसार हरियाणा में करीब 100 स्थल ऐतिहासिक और पुरातात्विक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। राखीगढ़ी के अलावा रोहतक का फरमाणा, भिवानी का मिताथल, कैथल का बालू और फतेहाबाद के बनावाली के संरक्षण और विकास के लिए परियोजनाएं चलाई जा रही हैं।