सिटी थाने के पीछे हरियाणा पुलिस हाउसिंग कार्पोरेशन की आवासीय कॉलोनी के एक क्वार्टर में 30 वर्षीय महिला यादपाल कौर का शव फांसी पर लटकता मिला। विवाहिता का पति नवदीप सिंह संधू कार्पोरेशन में एसडीओ हैं। पुलिस ने मृतका के पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है।
सिटी थाने के पीछे जिंदल पार्क रोड पर हरियाणा पुलिस हाउसिंग कार्पोरेशन का ऑफिस है। उसके साथ ही कर्मचारियों की आवासीय कॉलोनी है। इस ऑफिस में टोहाना के नवदीप सिंह संधू एसडीओ के पद पर तैनात हैं और वह परिवार समेत वहीं आवासीय कॉलोनी में रहते हैं। रविवार शाम को एसडीओ अपने करीब तीन साल के बच्चे को साथ लेकर मार्केट गए थे। वे बाद में घर लौटे तो क्वार्टर का अंदर से मेन दरवाजा बंद मिला। उन्होंने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं हुई। बाद में वहां कई कर्मचारी इकट्ठा हो गए और फिर उन्होंने दरवाजा तोड़ डाला।
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे लोग
कॉलोनी के लोग दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो दंग रह गए। सामने अलमारी के कुंडे में चुन्नी के फंदे में यादपाल कौर का शव लटका था। कॉलोनी वासी शव उतारकर पहले निजी अस्पताल और फिर सरकारी अस्पताल में ले गए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सिटी थाने की टीम ने शव कब्जे में ले लिया।
छह साल पहले हुई थी शादी
यादपाल सिरसा के गांव जीवन नगर की रहने वाली थी। वह रसूखदार जमींदार परिवार से थी। उसकी शादी छह साल पहले टोहाना के नवदीप सिंह संधू से हुई थी। जीवन नगर के हरमेज सिंह की बेटी यादपाल की मौत हो गई और हरमेज सिंह का बेटा यादविंद्र सिंह आयरलैंड में बिजनेसमैन बताया गया है।
अनबन के चलते एक साल मायके रही यादपाल
रिश्तेदारों का आरोप है कि यादपाल को पति और ससुराल जन दहेज की मांग के चलते प्रताड़ित करते रहते थे। शादी में करीब 45 लाख रुपये खर्चा किया गया था और दहेज में कार दी गई थी, लेकिन ससुराल जन फिर भी यादपाल को अपनी नई डिमांड के चलते प्रताड़ित करते रहते थे। पति और सास-ससुर की प्रताड़ना के चलते यादपाल एक साल मायके में रही थी। छह माह पहले राजीनामा कर उसे ससुराल भेजा गया था। यादपाल का करीब तीन साल का बेटा है।
सिटी थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि सिरसा के गांव जीवन नगर के हरमेज सिंह की शिकायत पर उनके दामाद नवदीप सिंह संधू, ससुर रेशम सिंह और सास देवेंद्र कौर के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।