शहर की राजगुरु मार्केट में शनिवार दोपहर जमकर हंगामा हुआ। निगम कर्मचारियों ने व्यापारियों को बरामदों में रखा सामान हटाने को कहा तो उन्होंने इसका विरोध किया। कुछ दुकानदारों ने विरोध स्वरूप अपनी दुकानें भी बंद कर दीं। व्यापारियों की निगम कर्मचारियों के साथ काफी बहस भी हुई। यही नहीं व्यापारियों ने सामाजिक दूरी का उल्लंघन करते हुए नारेबाजी भी की।
निगम प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद व्यापारी शांत होकर चले गए। इसके बाद व्यापारियों ने अपनी दुकानें फिर से खोल लीं और सामान फिर से बरामदों में रख दिया। उधर, निगम कर्मचारियों ने व्यापारियों को बरामदे खाली करने को लेकर एक दिन का अल्टीमेटम दिया है। निगम कर्मचारियों ने कोविड-19 के नियमों की अवहेलना करने पर आठ दुकानदारों के चालान भी किए। बता दें कि मार्केट में भीड़ न हो और सामाजिक दूरी का पूरी तरह पालन हो, इसके लिए निगम बाजारों में बरामदों, सड़कों पर रखे सामान को हटाने का अभियान चल रहा है।
माइक से की व्यापारियों से बरामदे खाली करने की अपील
निगम आयुक्त अशोक गर्ग के आदेशानुसार शनिवार सुबह निगम के एक्सईन संदीप कुमार और एमई संदीप बैनीवाल तहबाजारी टीम के साथ राजगुरु मार्केट में पहुंचे। बाजार में माइक से व्यापारियों से बरामदों से अतिक्रमण या कब्जा हटाने की अपील की। टीम के सदस्यों ने दुकानों पर जाकर व्यापारियों से अनुरोध किया। हालांकि इस दौरान काफी दुकानदारों ने बरामदे खाली भी कर दिए। इसी बीच व्यापारी नेता अक्षय मलिक दुकानदारों के बीच पहुंचे और निगम की कार्रवाई का विरोध करने लगे। इस दौरान उनकी निगम अधिकारियों के साथ बरामदे खाली कराने को लेकर काफी बहसबाजी भी हुई। दुकानदारों के विरोध को देखते निगम की टीम वहां से चली गई। उधर करीब 50 दुकानदार सामाजिक दूरी को भूलकर एकत्रित हो गए, जिसमें अक्षय मलिक भी शामिल थे और निगम के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। हालांकि पुलिस के मौके पर पहुंचने पर दुकानदारों ने नारेबाजी बंद कर दी।
टीम के जाने के बाद दोबारा बरामदों में रखा सामान
टीम की अपील के बाद कुछ दुकानदारों ने बरामदों से सामान उठाकर दुकानों के अंदर रख लिया था। मगर टीम के जाते ही दुकानदारों ने फिर से सामान बरामदों में रख लिया। उधर, जिन दुुकानदारों ने विरोध स्वरूप दुकानें बंद की थीं, उन्होंने भी दोबारा से दुकानें खोल लीं। निगम की टीम ने इस दौरान राजगुरु मार्केट में मास्क न पहनने, सामाजिक दूरी का पालन न करने पर आठ दुकानदारों के चालान किए। इससे पहले शुक्रवार को नगर निगम की चार टीमों ने शहर के विभिन्न बाजारों से 23 दुकानदारों के चालान किए थे।
रोजाना जाम लगने पर लगाए बैरिकेड्स
सिटी थाना रोड पर रोजाना जाम लग रहे थे। इसी को देखते हुए शनिवार को इस रोड पर तीन जगहों पर बैरिकेड्स लगाए दिए, ताकि भारी वाहन यहां से न गुजर सके। ये बैरिकेड्स नागौरी गेट, गुलाब सिंह चौक व सिटी थाने के पास लगाए गए हैं।
वर्जन
कोरोना संक्रमण की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए बाजारों में जिला प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करवाया जा रहा है। सामाजिक दूरी व अन्य नियमों का पालन नहीं करने वाले व्यापारियों के चालान किए गए हैं। हमने व्यापारियों को सख्त हिदायत दी है कि कोई दुकानदार बरामदों में अतिक्रमण या कब्जा न करें। यदि कोई ऐसा करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- संदीप कुमार, एक्सईन, नगर निगम
मुझे व्यापारियों ने ही बुलाया था। इस वजह से मैं वहां पहुंचा। मुझे पता नहीं कि कब एकदम इतने दुकानदार एकत्रित हो गए। हम प्रशासन से अपील करते हैं कि लॉकडाउन तक बरामदों को लेकर जो स्थिति बनी हुई है, उसे ही बना रहने दें। अगर कोई दुकानदार मास्क नहीं पहनता व सामाजिक दूरी का पालन नहीं करता तो उसका चालान अवश्य किया जाए।
- अक्षय मलिक, पूर्व प्रधान, राजगुरु मार्केट ऑर्गेनाइजेशन
अगर निगम लॉकडाउन तक यह व्यवस्था करना चाहता है तो यह ठीक है। मगर इसे स्थायी रूप से ही लागू कराना चाहता है तो यह गलत है।
- गौतम नारंग, प्रधान, राजगुरु मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन