हिसार। भाजपा प्रत्याशी रणजीत सिंह हिसार बार एसोसिएशन के हॉल में आकर अधिवक्ताओं को संबोधित करने पहुंचे तो वकीलाें ने उनसे सवाल पूछ लिए। रणजीत सिंह ने कहा कि भारत विश्व की पांचवीं अर्थव्यवस्था है। अधिवक्ता अर्जुन सिंह राणा ने पूछ लिया कि प्रति व्यक्ति आय में हमारा देश विश्व में कहां ठहरता है। रणजीत सिंह जवाब नहीं दे पाए तो उन्होंने खुद ही जवाब दिया कि प्रति व्यक्ति आय में हमारा 127वां नंबर है। एचएयू के रिटायर्ड कृषि अर्थशास्त्री एवं एडवोकेट अर्जुन सिंह राणा ने पूछा कि किसानों को गोलियां मारी गईं? दिल्ली तक नहीं जाने दिया? महिला पहलवानों के साथ मारपीट की गई? देश के संस्थाओं को भाजपा दुरुपयोग कर रही है? एडवोकेट आत्मप्रकाश रहेजा ने एडवांस बिजली बिलों की वसूली पर सवाल किए और कहा कि हर उपभोक्ता से तीन-तीन माह के एडवांस बिजली के बिल क्यों वसूले जा रहे हैं? एडवोकेट राजबीर पूनिया ने पूछा कि जब किसानों के समर्थन में धरने चल रहे थे तब आप कहां थे? उन्होंने यह पूछा कि बिजली निगमों में 48 में से 45 एसडीओ दूसरे प्रदेशों के लगा दिए क्या हरियाणा के युवा योग्य नहीं?