हिसार। टिब्बा दानाशेर में वीरवार रात फायरिंग करने और क्रिप्टो करेंसी दिलवाने का झांसा देकर 5.77 लाख रुपये लूटने के मामले में शामिल दोनों आरोपियों को सीआईए ने रविवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल हथियार और बाइक बरामद कर ली है। सीआईए टीम ने शिव कॉलोनी निवासी सुरजीत और पड़ाव चौक निवासी सौरभ को गिरफ्तार किया था। दोनों बदमाश शिवा गैंग से जुड़े हैं।
सीआईए इंचार्ज प्रशांत रापड़िया ने बताया कि वीरवार रात टिब्बा दानाशेर क्षेत्र में आरोपी सुरजीत, सौरभ और अन्य ने संजय के घर पर पथराव किया था। संजय और उसके परिवार के साथ मारपीट करने के बाद फायरिंग की थी। उक्त मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस वारदात के अलावा दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर क्रिप्टो करेंसी दिलवाने के नाम पर अमनदीप से पिस्तौल दिखाकर रेड स्कवेयर मार्केट में 5.77 लाख की नकदी लूटी थी। उस मामले में सुरजीत और सौरभ भी शामिल थे।