हांसी। जलसंकट झेल रही शहर की जनता को कुछ हद तक राहत मिलने वाली है। शुक्रवार देर शाम पेटवाड़ डिस्ट्रीब्यूटरी नहर में पानी पहुंच गया। रविवार देर रात तक फिल्टर टैंकों में पानी पहुंच जाएगा। इसके बाद सोमवार सुबह से नियमित आपूर्ति शुरू हो जाएगी। इससे शहर में पेयजल की समस्या समाप्त होने की संभावना है।
शहर में पेयजल आपूर्ति नहरों पर आधारित है। इसके लिए शहर में दो जगह वाटर टैंक बनाए हुए हैं। नहरों में पानी आने पर इन वाटर टैंकों को भरा जाता है। टैंक में पानी कम होने के कारण विभाग ने कटौती की हुई है। जिस कारण आधा शहर प्रभावित है। इसलिए पुराने जलघर से राशनिंग की जा रही है।
इन इलाकों में चल रही है राशनिंग
विभाग पुराने जल घर से सदर बाजार, पुराना बस स्टैंड, नया बस स्टैंड, भगत सिंह रोड, तिकोना पार्क, काठमंडी, कॉलेज रोड, जवाहर नगर, मॉडल टाउन, शांति निकेतन, मोची मोहल्ला, अमर मार्केट, न्यू सुभाष नगर, काली देवी रोड, कृष्णा कॉलोनी, यति नगर आदि में एक दिन छोड़कर पानी मिल रहा है।
हर दिन 60 लाख लीटर पानी की होती है खपत
शहर में प्रतिदिन 6 एमएलडी (60 लाख लीटर) पानी की खपत है। नए जलघर में 392 एमएलडी पानी स्टोर होता है। वहीं पुराने जलघर के चारों वाटर टैंकों में 250 एमएलडी पानी स्टोर होता है। पेटवाड़ नहर में पानी आ चुका है। रविवार को पानी स्टोरेज टैंक और फिल्टर टैंंक तक पहुंच जाएगा। सोमवार से पानी की आपूर्ति सामान्य हो जाएगी - विक्रम, जेई जनस्वास्थ्य विभाग, हांसी