पाबड़ा माइनर में पानी बढ़ाने के लिए सिंचाई विभाग के कार्यालय में ज्ञापन सौंपते किसान। स्रोत : स
हिसार। पाबड़ा माइनर की टेल तक दो साल से पानी नहीं पहुंचा है। नहर की आखिरी छोर पर बसे किसानों के खेत सिंचाई के लिए तरस रहे हैं। काजला, दुर्जनपुर सहित आसपास के गांवों के किसानों को फसलों की सिंचाई में परेशानी हो रही है। समस्या के समाधान के लिए किसानों ने सिंचाई विभाग के एसई और एक्सईएन हिसार को ज्ञापन सौंपा।
किसानों ने बताया कि पाबड़ा माइनर की टेल संख्या 169145 पर आसपास के गांवों की कृषि भूमि पड़ती है। माइनर में पर्याप्त पानी नहीं चलने से अंतिम छोर तक आपूर्ति नहीं हो रही। इससे फसलें प्रभावित हो रही हैं। किसानों को सिंचाई के लिए दूसरे विकल्पों पर निर्भर रहना पड़ता है।
किसानों का कहना है कि नहरों में पानी की असमान आपूर्ति का सबसे ज्यादा नुकसान टेल पर बैठे किसानों को उठाना पड़ता है। सरकार कृषि को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने की बात करती है, लेकिन उन्हें सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी तक नहीं मिल रहा।
किसानों ने अधिकारियों से पाबड़ा माइनर में नियमित और पर्याप्त पानी छोड़ने की मांग की। साथ ही टेल संख्या 169145 तक आपूर्ति सुनिश्चित करने और माइनर की व्यवस्था दुरुस्त करने की अपील की, ताकि सभी किसानों को समान रूप से पानी मिल सके। इस मौके पर किसान नेता शमशेर सिंह नंबरदार, संदीप बेनीवाल, अनिल धांगड़, वकील चंद्र सहारण, कृष्ण काजला, मधु काजला, भले सिंह, वीरेंद्र गोदारा, राजेंद्र काजला, रामकिशन आदि मौजूद रहे।