काफी समय से पानी की किल्लत का सामना कर रहे शहरवासियों को अब सुबह-शाम पानी की सप्लाई दी जाएगी। सोमवार को सेक्टर 16-17 की नहर में पानी पहुंच गया। मंगलवार से कैमरी रोड जलघर से दोनों समय पानी की सप्लाई दी जाएगी, हालांकि महाबीर कॉलोनी जलघर से अभी सुबह-शाम पानी की सप्लाई शुरू होने में कुछ समय लग सकता है।
बता दें कि सोमवार दोपहर बाद नहर में पानी आना शुरू हो गया है। इसी के साथ ही जन स्वास्थ्य विभाग ने वाटर टैंक और बूस्टिंग स्टेशन को भरना शुरू कर दिया है। ऐसे में अब मंगलवार से कैमरी रोड जलघर से दोनों समय सप्लाई दी जाएगी।
बता दें कि अभी तक नहर में पानी नहीं आने के कारण जलघर के वाटर टैंकों में पानी का स्तर नीचे चला गया। टैंकों में सिर्फ 4-4 फुट पानी रह गया था। ऐसे में विभाग ने पानी सप्लाई में कटौती कर दी थी। पूरे शहर में एक समय ही पानी की सप्लाई दी जा रही थी, लेकिन सोमवार को नहर आने के बाद शहरवासियों को दोनों समय पानी मिलने की उम्मीद जग चुकी है।
पानी के टैंकर खरीदकर काम चला रहे थे लोग
शहर में पानी की किल्लत के चलते लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। ऐसे में लोग 500 रुपये में पानी के टैंकर खरीदने को मजबूर थे। वहीं विभाग की ओर से कई बार एक समय की सप्लाई भी नहीं दी जा रही थी। ऐसे में अब नहर आने के बाद पानी की किल्लत नहीं रहेगी।
आज से ये रहेगा सुबह पानी सप्लाई का समय
- सुबह 4 से साढ़े 5 बजे तक पटेल नगर, जवाहर नगर
- सुबह साढ़े 5 बजे से शाम 7 बजे तक लघु सचिवालय कॉलोनी, डिफेंस कॉलोनी के अलावा आसपास की कॉलोनी
- सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक कैमरी रोड के अंतर्गत आने वाली सभी कॉलोनियां
शाम को आने वाली सप्लाई का ये रहेगा समय
- रात को 8 से 9 बजे तक लघु सचिवालय कॉलोनी, डिफेंस कॉलोनी
- रात को 9 से 10 बजे तक जवाहर नगर, पटेल नगर
पांच दिन बाद बदला जाएगा समय
वहीं पांच दिन बाद शाम को आ रही सप्लाई के समय में भी बदलाव किया जाएगा। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि एक बार वाटर टैंकों को भरने का काम शुरू किया जा रहा है। ऐसे में रात को सप्लाई दी जाएगी। पांच दिन बाद रात को पानी की सप्लाई देने के बजाए शाम को शुरू की जाएगी।
वर्जन
सोमवार को सेक्टर 16-17 नहर में पानी आ चुका है। वाटर टैंक और बूस्टिंग स्टेशन को भरा जा रहा है। मंगलवार से कैमरी रोड जलघर से दोनों समय पानी की सप्लाई दी जाएगी।
- एसके सरदाना, एसडीओ, जन स्वास्थ्य विभाग।