हिसार चंडीगढ़ एनएच 52 पर गांव सरसोद में पलटी ट्राली ।
हिसार। हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे 52 पर गांव सरसाैद में करीब एक सप्ताह बाद ही दोबारा से पानी भर गया है। जलभराव के कारण करीब छह वाहन पलट गए, जिससे हाईवे पर यातायात काफी देर तक प्रभावित रहा। 3 से 5 अक्तूबर के बीच जिलेभर में हुई बारिश के बाद एक बार फिर से हाईवे पर पानी भर गया। इस स्थिति की जानकारी मिलने पर एसडीएम डॉ. वेद प्रकाश बैनीवाल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
एसडीएम ने मौके पर आवश्यक इंतजाम और जल निकासी के उपायों का निरीक्षण किया और स्थानीय अधिकारियों को जलभराव रोकने एवं सड़क को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए। हाईवे पर लगातार जलभराव और गड्ढों के कारण न केवल वाहन चालकों को मुश्किल हो रही है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है। हालांकि, अभी तक पानी बहाव की समस्या पूरी तरह से हल नहीं हुई है और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे हाईवे पर यात्रा करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें।
जिले में तेज बारिश और टूटे ड्रेन के चलते 2 सितंबर को भी हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे 52 पर गांव सरसोद में पानी भर गया था। हाईवे पर बने डिवाइडर को तोड़कर पानी की निकासी का रास्ता बनाया गया। राजली की ओर से आ रहे पानी को सरसाैद से हाईवे के माध्यम से खेड़ी बर्की की ओर निकाला जा रहा था। हाईवे पर लगातार एक महीने से पानी बहाव जारी है। इस कारण हिसार से चंडीगढ़ की ओर जाने वाले वाहन चालकों को बहते पानी के अंदर से गुजरना पड़ रहा था।