हिसार में मार्केट कमेटी के उपसचिव वीरेंद्र कुमार फौजी को ज्ञापन देते पगड़ी संभाल जट्टा किसान सं
हिसार। पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के बैनर तले जिले के किसानों ने मंगलवार को मार्केट कमेटी के उपसचिव वीरेंद्र कुमार फौजी को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसमें चने ओर सरसों की सरकारी खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने की मांग की गई। अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी गई।
इससे पहले ब्लॉक प्रधान साहब राम खिचड़, उपप्रधान राजपाल भेरिया, कुलदीप सदलपुर, जिला सचिव गोपाल ओड़ नगथला की अध्यक्षता में बैठक हुई। राज्य कमेटी के सदस्य और हिसार ब्लॉक 2 के सचिव अनिल गोरछी ने कहा कि किसान आज दोहरी मार झेल रहा है। सरकार ने दावा किया था कि बायोमेट्रिक सत्यापन के 72 घंटों के भीतर गेहूं का भुगतान किसानों के खातों में कर दिया जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। सरकारी एमएसपी पर चने और सरसों की खरीद 4 दिन में नहीं की गई तो किसान आंदोलन करेंगे।
जिला प्रधान सतीश बैनीवाल ने कहा कि मौके पर मौजूद हैफेड अधिकारी अनिल गोदारा ने सरकारी बारदाना न होने की बात कही। दो या तीन दिन में बारदाना आने पर दो मई से चने, सरसों की सरकारी खरीद सुचारू रूप से चालू करवाने का आश्वासन दिया गया।
यदि दो मई से सरकारी ख़रीद सुचारू रूप से चालू नहीं हुई तो किसानों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर बबलू पूनिया गोरछी, मनीष पूनिया, संदीप जांगड़ा, प्रमोद पचार, राजबीर सांगा, नरेश सुलखनी, रामकुमार फ्रांसी, भीम बैनीवाल शाहपुर आदि मौजूद रहे।