फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: नगर निगम ..कृष्ण के बूथ पर 38.57 फीसदी, प्रवीण के क्षेत्र में 51.31 फीसदी मतदान

Tue, 04 Mar 2025 12:45 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार
विज्ञापन
विज्ञापन
हिसार। नगर निगम चुनाव में मतदाताओं का रुझान काफी फीका रहा। वीआईपी बूथों पर भी मतदाता मतदान करने नहीं पहुंचे। कांग्रेस से मेयर प्रत्याशी कृष्ण सिंगला के बूथ पर मात्र 38.57 प्रतिशत ही मतदान हुआ, वहीं भाजपा मेयर प्रत्याशी प्रवीण पोपली के बूथ पर 51.31 प्रतिशत मतदाताओं ने ही वोट डाले। चुनाव में महज 52.1 प्रतिशत मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया, जो पिछले दो चुनावों की तुलना में काफी कम रहा।
विज्ञापन

विधायक सावित्री जिंदल का बूथ रहा सूना
यूं तो शहर विधायक सावित्री जिंदल को विधानसभा चुनाव में खूब वोट मिले, लेकिन नगर निगम चुनाव में उनका बूथ ज्यादातर समय सूना पड़ा रहा। उनके बूथ पर 46.42 फीसदी ही मतदान हुआ। मतलब आधे मतदाता भी मतदान करने नहीं पहुंचे। वहीं पूर्व कैबिनेट मंत्री व शहर से लगातार दो बार विधायक चुने गए डॉ. कमल गुप्ता के बूथ पर भी मतदाताओं ने मतदान करने में रुचि नहीं दिखाई। इस बूथ पर मात्र 40.92 प्रतिशत ही वोट डाले गए। कांग्रेस से विधानसभा चुनाव लड़ चुके और हाल ही भाजपा में शामिल हुए रामनिवास राड़ा के बूथ पर 42.29, पूर्व मेयर गौतम सरदाना के बूथ पर 48.3, पूर्व मंत्री संपत सिंह के बूथ पर 36.12 फीसदी मतदान हुआ।

ईवीएम की कड़ी सुरक्षा, महाबीर स्टेडिमय के जिम्नेजियम हॉल में होगी मतगणना
हिसार। नगर निगम चुनाव में मतदान के बाद अब प्रशासन मतगणना की तैयारी में जुट गया है। मेयर और पार्षदों के लिए मतगणना को लेकर अलग-अलग स्थान सुनिश्चित किए गए हैं। महाबीर स्टेडियम स्थित जिम्नेजियम हॉल (पश्चिमी भाग) और पार्षद पद के 1 से 20 वार्ड सदस्यों के लिए जिम्नेजियम हॉल (पूर्वी भाग) में 12 मार्च को मतगणना होगी। उधर, ईवीएम को स्ट्रांग रूम में रखने के बाद सुरक्षा के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी लगाए गए हैं।
विज्ञापन

रिटर्निंग अधिकारी हरबीर सिंह ने बताया कि स्ट्रांग रूम सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में है। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद अधिकारियों और उम्मीदवारों की मौजूदगी में ईवीएम को स्ट्रांग रूम में रखने के बाद दरवाजे को सील किया गया था। उपायुक्त अनीश यादव ने स्ट्रांग रूम नंबर 1 व 2 पर 12 मार्च तक ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है।

पेट्रोलिंग पुलिस के साथ ही कई कर्मचारी तैनात
स्ट्रांग रूम के आसपास सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम है। शिफ्ट के हिसाब से ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी मौके पर तैनात है। ड्यूटी मजिस्ट्रेट विनोद सिंगला ने बताया कि स्ट्रांग रूम के आसपास सुरक्षा के लिहाज से त्रिस्तरीय घेरा बनाया है। निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं। असिस्टेंट प्रोफेसर सोनू, सुभाष चन्द्र, सुखदेव, सुनील कुमार, विनोद कुमार, विनोद प्रकाश, मुकेश बंसल, जयबीर ढुल, नरेश सुथार को भी ड्यूटी मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी दी गई है। स्ट्रांग रूम के आसपास और स्टेडियम में एंट्री के लिए चेक प्वाइंट बनाए गए है। छह पुलिसकर्मी इंटर वेस्ट साइड और 5 पुलिसकर्मी ईस्ट साइड में तैनात है। इसके साथ ही 5 पुलिसकर्मी मिड सेक्शन में भी तैनात है।आउटर साइड को कवर करने के लिए 6 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पेट्रोलिंग के लिए इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें