नारनौंद। हरियाणा के पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की ओर से दिल्ली से राखीगढ़ी के लिए विशेष हेरिटेज टूर का आयोजन किया गया। इसमें दिल्ली और गुरुग्राम से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। भ्रमण के दौरान उन्होंने राखीगढ़ी के प्राचीन टीले, उत्खनन स्थल और ऐतिहासिक अवशेषों का निरीक्षण किया। प्रतिभागियों को पुरातत्वविदों द्वारा की जा रही खोदाई, संरचनाओं की पहचान और शोध प्रक्रिया को नजदीक से देखने का अवसर मिला। टूर के दौरान राखीगढ़ी के रिजॉर्ट में पारंपरिक हरियाणवी व्यंजनों जैसे बाजरे की रोटी, चूरमा और अन्य स्थानीय पकवानों का स्वाद भी लिया गया। इससे प्रतिभागियों ने हरियाणा की लोक संस्कृति और खान-पान को करीब से महसूस किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व दिल्ली रूट्स संस्था के नकुल छाबड़ा ने किया जबकि विभाग की ओर से विनीत भनवाला ने समन्वय संभाला। उन्होंने बताया कि विभाग ने प्रदेश के विभिन्न विरासत स्थलों पर 100 से अधिक हेरिटेज टूर आयोजित किए हैं। यह पहल न केवल राखीगढ़ी और अन्य पुरातात्विक स्थलों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का माध्यम बन रही है, बल्कि पर्यटन को बढ़ावा देने में भी सहायक है।
कार्यक्रम में जिला पार्षद दिनेश श्योराण भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि राखीगढ़ी के प्रति लोगों का रुझान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे पूरे हरियाणा के पर्यटन को नई दिशा मिल रही है।