हिसार। जुगलान गांव में 21 दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में हुई राजकुमार की मौत के मामले में विसरा रिपोर्ट से जहर देकर हत्या किए जाने का खुलासा हुआ है। शुरुआत में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई थी।
पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद पुलिस ने बिसरा जांच के लिए भेजा था। रिपोर्ट में जहर से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की दोबारा जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि राजकुमार 29 अक्तूबर को धान की फसल की रखवाली के लिए खेत में गए थे। अगली सुबह उनका बेटा खेत पर पहुंचा तो राजकुमार अचेत अवस्था में मिले। परिजन उन्हें नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में परिवार ने इसे प्राकृतिक मौत माना था। संदेह होने पर उन्होंने पोस्टमार्टम की मांग की।
नागरिक अस्पताल के चिकित्सकों ने मौत की परिस्थितियां संदिग्ध मानते हुए शव को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां जांच के दौरान गर्दन और सिर पर चोटों के निशान मिले। गले और जीभ की हड्डी के अलावा कई पसलियों में फ्रैक्चर पाया गया। लिवर पर करीब छह सेंटीमीटर का घाव भी मिला। शरीर पर घिसटने के निशान भी थे। चिकित्सकों ने विस्तृत चिकित्सीय और फॉरेंसिक जांच के लिए नमूने प्रयोगशाला भेजे थे।