हिसार। शहर की सिरसा चुंगी और भानु चौक पर व्हीकुलर अंडरपास (वीयूपी) का निर्माण किया जाएगा। इससे चालकों को हाईवे पार करने में आसानी होगी और हादसों की संभावना कम होगी।
शहर को जाम मुक्त करने वाली कमेटी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को इस बारे में दिशा निर्देश दिए हैं। पीडब्ल्यूडी बीएंडआर की तरफ से इस बारे में एनएचएआई को पत्र लिखा जा चुका है।
शहर को जाम मुक्त करने के संबंध में प्रदेश सरकार की तरफ से कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया हुआ है। पिछले दिनों इस कमेटी की बैठक हुई थी। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने सिरसा चुंगी और भानु चौक पर एक-एक वीयूपी बनाने के निर्देश दिए। चूंकि बैठक में एनएचएआई के अधिकारी मौजूद नहीं थे तो इस बारे में बीएंडआर के अधिकारियों को एनएचएआई को बैठक का हवाला देते हुए पत्र लिखने के निर्देश दिए।
इन प्वाइंट पर बने हुए हैं वीयूपी
वर्तमान में राजगढ़ रोड और बरवाला चुंगी से एंट्री प्वाइंट पर एनएचएआई ने वीयूपी का निर्माण किया हुआ है। वीयूपी के निर्माण से वाहन चालकों को हाईवे क्रॉस करने में आसानी होती है और हादसे की संभावना नहीं रहती। सिरसा चुंगी और भानु चौक पर वीयूपी न होने यहां हाईवे पार करते समय हादसे की संभावना बनी रहती है। इस कारण से अक्सर यहां हादसे होते भी रहते हैं।
-
कैंट के सामने भी प्रस्तावित है वीयूपी
उधर एनएचएआई ने कैंट के सामने फुटओवरब्रिज के पास एक वीयूपी प्रस्तावित किया हुआ है। एनएचएआई के मुताबिक यह काफी आबादी वाला एरिया है। इस वजह से आबादी की सुविधा के मद्देनजर यहां वीयूपी बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
-
:::::::::
शहर को जाम मुक्त करने वाली कमेटी ने इन दो प्वाइंट पर वीयूपी बनाने के निर्देश दिए हैं। बैठक में दिए गए दिशा निर्देशों के अनुसार एनएचएआई को पत्र लिखा जा चुका है। अब इसका फैसला एनएचएआई को ही करना है कि वहां वीयूपी बनेगा या नहीं।
जतिन खुराना, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी (बीएंडआर)