फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चौथे दिन भी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना रहा जारी

विज्ञापन
डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा धरने पर बैठे ग्रामीणों से बातचीत करते हुए। - फोटो : Hisar
विज्ञापन
बरवाला (हिसार)। गांव ढाणी गारण में किराने की दुकान चलाने वाले जिले सिंह की हत्या मामले में रविवार को भी ग्रामीणों का नेशनल हाईवे पर धरना जारी रहा। रविवार को धरने को समर्थन देने के लिए भीम आर्मी के दर्जनों कार्यकर्ता धरना स्थल पर पहुंचे। वहीं परिजनों को अभी तक शव नहीं सौंपा गया है। शव हिसार के नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखा हुआ है।
विज्ञापन

धरने पर बैठे ग्रामीणों से बातचीत करने के लिए डिप्टी स्पीकर रणवीर गंगवा भी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि 5-7 लोगों की एक कमेटी बना लें। वे इस कमेटी की बातचीत अधिकारियों से करवाकर समस्या का समाधान करवा देंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की जो मांगें जिला स्तर के अधिकारी पूरी कर सकते हैं, उन्हें वे स्थानीय अधिकारियों को कहकर पूरी करवा देंगे। इसके अलावा जो मांगें सरकार ने पूरी करनी हैं, उस बारे वे उच्च स्तर पर बात करेंगे। हालांकि ग्रामीणों ने साफ तौर पर कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी व धरना जारी रखेंगे। उधर, गांव सरहेड़ा के युवक सोमवीर पर भी हमले की आशंका धरने पर बैठे लोगों ने रणवीर गंगवा के समक्ष जताई। इस दौरान बताया गया कि कुछ संदिग्ध लोग सोमवीर का पीछा भी गलत नीयत से कर रहे हैं। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मामले के संबंध में पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है।
डिप्टी स्पीकर को मृतक की पुत्रवधू ने सुनाई खरी-खरी
रविवार दोपहर बाद विधानसभा डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा धरना स्थल पर पहुंचे और धरने पर बैठे लोगों की मांगों को सुना। उन्होंने धरनारत लोगों से कहा कि वे अपनी पांच या सात सदस्यीय कमेटी चुन लें। वे स्वयं उनके साथ बैठ कर चर्चा करेंगे। इस दौरान गांव के सरपंच प्रतिनिधि सूरतसिंह ने पूरे घटनाक्रम से उन्हें अवगत करवाया। इसी बीच जिले सिंह की पुत्रवधू किरन को बोलने का समय दिया गया। किरन ने हाथ में माइक पकड़ा और विधानसभा के डिप्टी स्पीकर की तरफ इशारा करते हुए कहा कि ये रणबीर गंगवा हैं, जिन्होंने उनसे 14 मई वाले शिव नगर के मामले को रफादफा करने के बदले में उनके परिवार से 20-25 लाख रुपयों की मांग की थी। जैसे ही किरन ने यह बात कही तो धरना स्थल पर बैठे लोग हक्के-बक्के रह गए। पास बैठे लोगों ने किरन से माइक लेकर उसे बैठने के लिए कह दिया। इस दौरान कुछ ग्रामीणों की रणबीर गंगवा से बहस भी हुई। इस बीच डिप्टी स्पीकर ने माइक हाथ में लेकर कहा कि वे इस महिला को नहीं जानते और उन्होंने ऐसी कोई बात नहीं कही है। उन्होंने उस दौरान महिला से पूछा कि क्या वे उनका घर जानती है तो महिला बिना कोई जवाब दिए अन्य महिलाओं के बीच जाकर बैठ गई।
विज्ञापन

पुलिस के हाथ अभी खाली
इस मामले के आरोपियों को काबू करने के लिए पुलिस ने 10 से अधिक टीमों का गठन किया हुआ है। मगर वारदात के 5 दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार हमलावरों की तलाश में जुटी हुई हैं। जल्द आरोपी काबू कर लिए जाएंगे।
विज्ञापन

कोई हिरासत में नहीं
अभी कोई हिरासत में नहीं लिया गया है। मृतक जिले सिंह का शव नागरिक अस्पताल के शवगृह के फ्रिजर में ही है।
अशोक कुमार, डीएसपी हेडक्वार्टर, हिसार।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें