हांसी। प्रदेश सरकार के बजट से हांसी के लिए अलग से कोई घोषणा नहीं हुई। मुख्यमंत्री के बजट भाषण के दौरान हांसी का जिक्र हांसी-भिवानी के निर्माणाधीन बाईपास रोड को लेकर किया। 10,000 से ज्यादा जनसंख्या वाले गांव के लिए लागू की गई हॉपर टिप्पर डंपर योजना का फायदा उमरा, मसुदपुर, डाटा व अन्य कुछ गांवों को भी मिलेगा।
योजना के तहत गांवों में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था की जाएगी। यह कार्य स्वयं सहायता समूह को दिया जाएगा। इसमें शहरों के तर्ज पर गांवों में भी घरों से कचरा एकत्रित किया जाएगा। वहीं हर 10 किलोमीटर पर एक राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय की घोषणा के तहत उपमंडल में मॉडल संस्कृति विद्यालयों की संख्या बढ़ने के आसार हैं। इसके लिए स्कूलों को चयन अधिकारिक आदेश आने के बाद किया जाएगा।
अभी उपमंडल में तीन मॉडल संस्कृति विद्यालय एक शहर में हिसार चुंगी, दूसरा गांव सुल्तानपुर व तीसरा सिसाय गांव में है। वहीं बजट में हांसी-भिवानी के निर्माणाधीन बाईपास का जिक्र किया गया है। 802 करोड़ की लागत से बाईपास का निर्माण कार्य दिसंबर में पूरा होने की संभावना है।
इसका निर्माण कार्य बीते वर्ष फरवरी महीने में शुरू हुआ था। 43 किलोमीटर लंबा हाईवे हांसी, बवानीखेड़ा, जाटू लोहारी व भिवानी से गुजरेगा। इस मार्ग पर सात बड़े पुल, 2 आरओबी व अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। इसका निर्माण कार्य का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।