हिसार। बस रूट बदलने से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को दूसरे दिन भी गांव गावड़ में बस रोककर विरोध जताया। करीब एक घंटे तक बस रोके जाने के बाद रोडवेज अधिकारियों ने वीरवार से पहले की तरह गावड़ से बस चलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने बस को जाने दिया।
किसान नेता अनिल गोरछी ने बताया कि पहले गांव गावड़ से सुबह 8:45 बजे बस चलती थी, लेकिन रोडवेज ने इसका संचालन सिवानी से शुरू कर दिया। इससे गावड़ और गोरछी के ग्रामीणों को बस में जगह नहीं मिल पा रही थी। मंगलवार को ग्रामीणों ने गांव गोरछी में बस रोककर विरोध किया था, लेकिन प्रशासन ने उनकी मांग पर कोई संज्ञान नहीं लिया। इसके बाद बुधवार को गावड़ में बस रोककर विरोध जताया गया।