फोटो संख्या 19GHY 201jpg.कैप्शन घिराय: गांव घिराय में पार्क की भूमि से कब्जा हटाने की मांग को ल
घिराय। गांव घिराय में सार्वजनिक पार्क के लिए प्रस्तावित भूमि पर कथित कब्जे के विरोध में शुक्रवार को ग्रामीणों ने उपायुक्त राहुल नरवाल से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम सभा द्वारा पार्क के लिए प्रस्तावित भूमि पर एक व्यक्ति ने कब्जा कर रखा है जिससे गांव के लोगों को सार्वजनिक सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि खरकड़ी रोड स्थित अंबेडकर भवन के सामने पहले सार्वजनिक शौचालय था। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय बंद होने के बाद तत्कालीन ग्राम पंचायत ने इस भूमि को पार्क के लिए प्रस्तावित कर ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित किया था। इसकी कार्यवाही बीडीपीओ कार्यालय को भी भेजी गई थी।
ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित व्यक्ति भूमि पर 50 वर्ष पुराने कब्जे का दावा कर रहा है, जबकि उसकी उम्र लगभग 47 वर्ष है। इस पर ग्रामीणों ने दावे की सत्यता पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
उपायुक्त ने ग्रामीणों की शिकायत सुनकर मामले की जांच करवाने और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही पार्क की भूमि को कब्जामुक्त कराया जाएगा।
शिकायत देने वालों में डॉ. भीमराव अंबेडकर जन सेवा ट्रस्ट के चेयरमैन परवीन गिल, नरेश कुमार, मनजीत कुमार, संजय कुमार, राजेश कुमार, सोनू सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।