फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: 2000 टीडीएस तक खारा पानी पीने को मजबूर ग्रामीण, आदमपुर में एसडीओ कार्यालय पर ताला जड़ा

Wed, 11 Nov 2026 12:32 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार
विज्ञापन
आदमपुर में स्वच्छ जल के लिए धरने पर बैठे ग्रामीण। 
विज्ञापन
आदमपुर। सरकारी दावों में हर घर तक स्वच्छ जल पहुंच रहा है लेकिन आदमपुर के ग्रामीणों के हिस्से में खारा और बदबूदार पानी आ रहा है। हालात ऐसे हैं कि 1600 से 2000 टीडीएस तक का पानी पीने को ग्रामीण मजबूर हैं। जलघर की डिग्गी में मरे हुए कुत्ते और अन्य गंदगी पड़ी है। वाटर फिल्टर की वर्षों से सफाई नहीं हुई।
विज्ञापन

इस बदहाल व्यवस्था के खिलाफ मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि जलघर की मुख्य डिग्गी की लंबे समय से सफाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि यह पानी पीने से लोग बीमार पड़ने लगे हैं।
टूटा नाला, नहर से जलघर तक नहीं पहुंच रहा पानी
समाजसेवी प्रदीप बेनीवाल, जिला पार्षद वीरसिंह राहड़, कृष्ण धत्रवाल, मखलाल, सुभाष थालोड़, जयवीर, विष्णु नागर, हंसराज बागडिया, राकेश जांगड़ा, प्रवीण, नवीन भादू, सुनील करीर, सुनील कपिल, बल्कार, रामनिवास, सोनू, उग्रसेन, रोहताश बेनीवाल और विनोद ने बताया कि नहर से जलघर तक पानी पहुंचाने वाला पक्का नाला टूटा हुआ है। कुछ शरारती तत्व बार-बार पानी का रास्ता बंद कर देते हैं। इससे जलघर तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंचता। चहारदीवारी टूटी होने के कारण आवारा पशु भी परिसर में घुस जाते हैं।
विज्ञापन

बुजुर्गों की सेहत बिगड़ रही, बच्चों की जिंदगी दांव पर
ग्रामीण कृष्ण बेनिवाल, विष्णु प्रसाद और पूर्व सरपंच बंसीलाल ने कहा कि पानी का टीडीएस 2000 तक पहुंच चुका है। उनका आरोप है कि खारे पानी के सेवन से बुजुर्गों को घुटनों और युवाओं को किडनी संबंधी समस्याएं हो रही हैं। सुनीता देवी, भतेरी, सुशीला और रोशनी देवी ने कहा कि नलों से बदबूदार पानी आ रहा है। अधिकारियों के सामने समस्या रखने के बावजूद समाधान नहीं हो रहा है।
चिकित्सक ने बताया सेहत के लिए गंभीर खतरा
चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि 1600 से 2000 टीडीएस वाले पानी का लगातार सेवन स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय है। इससे किडनी स्टोन, क्रोनिक किडनी डिजीज, पेट के संक्रमण और पाचन संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।
दो दिन में समाधान का मिला आश्वासन
प्रदर्शन की सूचना पर एसडीओ रामकिशन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने उनके सामने समस्याएं रखीं। एसडीओ ने दो दिन में व्यवस्था सुधारने और लापरवाही के जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। टूटे नाले और चहारदीवारी को भी दुरुस्त कराने की बात कही। लिखित आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने गेट का ताला खोल दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि दो दिन में समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें