नारनौंद। मिर्चपुर के पहलवान विक्की हुड्डा ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। दिल्ली में आयोजित आठवें मास्टर चंदगीराम गोल्ड कप कुश्ती दंगल में भारत केसरी का खिताब जीतकर उन्होंने 22वीं बार यह उपलब्धि अपने नाम की।
24 नवंबर को हुए फाइनल मुकाबले में उन्होंने छत्रसाल स्टेडियम दिल्ली के पहलवान रौनक दहिया को 7-0 से शिकस्त दी। खास बात यह है कि महज तीन दिन में विक्की ने दूसरी बड़ी जीत दर्ज की है।
शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल कुश्ती अकादमी मिर्चपुर के कोच पहलवान अजय ढांडा ने बताया कि पद्मश्री पहलवान मास्टर चंदगी राम की स्मृति में 23 और 24 नवंबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों के नामी पहलवानों ने भाग लिया। इसमें तीन अलग-अलग मुकाबले हुए और भारत केसरी का मुकाबला मुख्य आकर्षण रहा।
इससे पहले 22 नवंबर को पंजाब के कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी में आयोजित दंगल में भी विक्की हुड्डा ने 1.11 लाख रुपये की इनामी कुश्ती जीतकर 21वीं बार भारत केसरी का खिताब हासिल किया था।
रोहित और अनुज ने भी जीते खिताब
सुल्तानपुर लोधी दंगल में अकादमी के पहलवान रोहित मोर ने पहली नंबर की कुश्ती में दूसरा स्थान हासिल कर 75 हजार रुपये का इनाम जीता। वह आठ बार भारत केसरी बन चुके हैं। वहीं 75 किलोग्राम भार वर्ग में अनुज पहलवान ने 11वीं बार भारत कुमार का खिताब अपने नाम किया। 23 नवंबर को झज्जर जिले के दिघल गांव में हुए दंगल में मिर्चपुर के शौर्य ढांडा दूसरे स्थान पर रहे। 22 नवंबर को सोनीपत के भैंसवाल गांव में भी अकादमी के पहलवानों ने दमखम दिखाते हुए जीत दर्ज की।