हरियाणा के सीएम के साथ कुलदीप बिश्नोंई
- फोटो : सोशल मीडिया
दिवाली के बहाने नेता अपने कार्यकर्ताओं-समर्थकाें की नब्ज टटोलते नजर आए। वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा-विधानसभा चुनाव की नींव रखते दिखे। पूर्व सीएम चौधरी भजनलाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई, पूर्व सीएम चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए उनकी समस्याएं भी सुनीं। राजस्थान चुनाव में सक्रिय हो चुके हरियाणा के नेताओं ने दिवाली पर्व अपनों के बीच मनाया। वहीं, कई बड़े चेहरे त्योहारों के इस सीजन में गायब दिखे।
लोकसभा चुनाव में अभी छह महीने से भी कम का समय रह गया है। ऐसे में लोकसभा जिले में लोकसभा चुनाव के दावेदारों ने तैयारी शुरू कर दी है। विधानसभा चुनाव के लिए एक साल से कम समय रहने के चलते भी भावी प्रत्याशी मैदान में उतर चुके हैं। दिवाली से पहले कैप्टन अभिमन्यु ने हिसार शहर में कार्यकर्ता सम्मेलन कर लोकसभा टिकट के लिए अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। अभी तक कैप्टन अभिमन्यु नारनौंद विधानसभा क्षेत्र तक ही सीमित थे। अब उन्होंने दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में भी संपर्क शुरू कर दिया है। छोटी दिवाली के दिन उन्होंने हिसार में दिवाली मिलन के बहाने समर्थकों व कार्यकर्ताओं को जुटाने का प्रयास किया।
पूर्व सीएम चौधरी भजनलाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई हिसार या भिवानी लोकसभा से चुनाव लड़ना चाहते हैं। फिलहाल वह राजस्थान के चुनाव में सक्रिय हैं। अगर राजस्थान में वह बिश्नोई बाहुल्य वाली विधानसभा सीटों पर भाजपा को जिताने में कामयाब रहे तो हाईकमान की ओर से उन्हें हरियाणा में पूरी तवज्जो मिलने के आसार हैं। खासतौर पर हिसार, भिवानी लोकसभा सीट पर उनका सबसे अधिक प्रभाव रहेगा। कुलदीप बिश्नोई, रेणुका बिश्नोई, आदमपुर विधायक भव्य बिश्नोई छोटी दिवाली के मौके पर आदमपुर स्थित अपनी पैतृक दुकान के बाहर कार्यकर्ताओं से मिले और उनकी समस्याओं को जाना।
आदमपुर उपचुनाव के बाद हिसार में सक्रिय हुए राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी दिवाली के अगले दिन सोमवार को आदमपुर पहुंचे। उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश जेपी को अच्छे वोट मिलने के बाद उत्साहित दीपेंद्र सिंह हुड्डा लगातार आदमपुर, नलवा, नारनौंद, हिसार में कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। स्थानीय स्तर पर मनाए जाने वाले राम रमी कार्यक्रम में दीपेंद्र सिंह हुड्डा आदमपुर की अनाज मंडी में समर्थकों से मिले। पहली बार विधानसभा में उतरने के लिए तैयारी कर रहे युवा नेताओं ने दिवाली मिलन पर कार्यकर्ताओं से खूब मुलाकात की।