हांसी पुरानी सब्जी मंडी में सब्जी खरीदता ग्राहक।
हांसी। केंद्र सरकार के नए हिट एंड रन कानून के विरोध में देशभर में भारी वाहन सड़कों पर खड़े हो गए हैं। फल, सब्जी, दूध और पेट्रोल-डीजल जैसी अति आवश्यक वस्तुओं का परिवहन प्रभावित हो रहा है। इस कारण अब सब्जियां महंगी हो गई हैं और पेट्रोेल पंप पर तेल खत्म होने लगा है। ज्यादातर पेट्रोल पंप पर 50 फीसदी से कम आपूर्ति शेष है। वहीं निजी बस चालकों की दूसरे दिन भी हड़ताल जारी रही। निजी बस संचालक एसपी से मिले। जींद रूट पर निजी बसें बंद रहने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। मंड़ी आढ़तियों के अनुसार ट्रक चालकों की हड़ताल के चलते दो दिनों में सब्जियों के दाम 20 से 30 रुपये प्रति किलो बढ़ गए हैं।
एक जनवरी और दो जनवरी को सब्जियों के दाम
सब्जी पहले अब प्रति किलो
हरी मिर्च 20 रुपये 40 रुपये
मटर 20 रुपये 40 रुपये
टमाटर 20 रुपये 40 रुपये
प्याज 20 रुपये 40 रुपये
आलू 10 रुपये 15 रुपये
अदरक 140
लहसून 240 रुपये
वाहन चालक फुल करा रहे टैंक
पेट्रोल पंप पर शाम को वाहन चालकों की लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गई। वाहन चालक अपने वाहनों की टंकी भरवाने लगे। कई पेट्रोल पंप पर डीजल खत्म हो गया। हालांकि पेट्रोल पंप मालिकों का कहना है कि पानीपत रिफाइनरी में डीजल का ऑर्डर बुक करवा रखा है, लेकिन हड़ताल के कारण डीजल आने में समय लग रहा है।
बस संचालक एसपी से मिले
बस स्टैंड पर निजी बस चालकों ने दूसरे दिन भी हड़ताल जारी रखी व बसें नहीं चलाई। इस दौरान बस संचालक हिसार में आरटीए व हांसी एसपी से मिले। विवेक सिहाग, सुंदर मोर, दिलबाग रापड़िया, राममेहर मोर, जयपाल, जगदीश सिवाच सहित कई निजी बस संचालकों ने कहा कि बस चालकों को एक दिन की हड़ताल के लिए कह दिया था, लेकिन अब दूसरे दिन आमजन परेशान हो रहा है। जिस पर उन्होंने बसें बिना किसी रुकावट के चलाने की बात कही। बस संचालकों ने बताया कि एसपी ने एसएचओ सिटी थाना को बस स्टैंड पर भेजा। इसके बाद वहां बैठे चालक काम पर लौटे। हिसार में आरटीए से जींद में बसों में सवारियां बिठाने के दौरान रोकने को लेकर शिकायत की।
ट्रक चालकों की हड़ताल के कारण मंडी में सब्जियों की आवक कम हो गई है। इस कारण उनके दाम बढ़ गए हैं। अगर इसी तरह हड़ताल जारी रही तो सब्जियां और महंगी हो सकती हैं।
-अनिल चावला, प्रधान, सब्जी मंडी एसोसिएशन