हिसार की मंडी में सब्जी बेचता दुकानदार। संवाद
हिसार। भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है, ऐसे में अब लोग सब्जियों के बढ़ते दामों से परेशान हैं। गर्मी से झुलसन और सड़न जल्दी आने से सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। ऊंचे दामों के चलते खाने की थाली से सब्जियां गायब होने लगी हैं। एक सप्ताह में सब्जियों के रेट में दोगुना तक का इजाफा हुआ है। धीरे-धीरे मंडी में सब्जियाें की आवक भी घट रही है। आलू, प्याज, घीया, तोरी, गोभी सहित अन्य हरी सब्जियों के रेट बढ़े हैं। गर्मी के साथ सब्जियां भी तीखा तेवर दिखाने लगी हैं।
हिसार की नई और पुरानी सब्जी मंडी में दिल्ली, हिमाचल, जयपुर, सीकर, पानीपत, करनाल सहित अन्य जिलों से सब्जियां आती हैं। दोनों मंडी में रोजाना एक करोड़ से ज्यादा का व्यापार होता है। कुछ दिन पहले 70 रुपये किलो तक आम बिक रहा था, मगर अब 120 रुपये तक पहुंच गया है। इसका कारण इस बार कम पैदावार बताई जा रही है। उधर, लीची की पैदावार ज्यादा होने के कारण मंडी में खूब लीची आ रही है। 100 रुपये से 120 रुपये किलो तक लीची बिक रही है।