बरवाला। शहर के वार्ड संख्या 8 और 9 में जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा सीवरेज पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू किया गया था, लेकिन बुधवार को वार्डवासियों ने इस काम को रुकवा दिया। उनका कहना था कि उनके क्षेत्र में अन्य क्षेत्रों का दूषित पानी आ रहा है और जो सीवरेज पाइपलाइन बिछाई जा रही है, उसकी क्षमता अपर्याप्त है।
वार्डवासियों का आरोप है कि पहले भी उनके क्षेत्र में 8 इंच की पाइपलाइन डाली गई थी, जो अब बंद पड़ी है। अब फिर से उसी साइज की पाइपलाइन डाली जा रही है, जिससे सीवर के दूषित पानी की निकासी सही ढंग से नहीं हो पाएगी। काम रुकवाए जाने पर जनस्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे। पार्षद प्रतिनिधि सुशील आनंद, काकू वाल्मीकि, पूर्व पार्षद बबलू, संजीव कुमार, सुभाष, बलवान, सीमा, दर्शन, प्रेम, सुनीता, कविता, रेखा, संदीप आदि ने कहा कि कई वार्डों का दूषित पानी उनके घरों में घुस जाता है, जिससे सीवरेज व्यवस्था पूरी तरह से ठप पड़ी है। इस पर जनस्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता दिनेश कुमार ने कहा कि गली में कार्य फिलहाल बंद करवा दिया गया है और दूसरी तरफ की पाइपलाइनों को 12 इंच की पाइपलाइन में जोड़ दिया जाएगा।