गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन के किसी भी कोर्स में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा नहीं होगी। पहली बार सभी दाखिले 12वीं या ग्रेजुएशन की मेरिट के आधार पर होंगे। बुधवार को हुई विवि की एकेडमिक काउंसिल की बैठक में यह फैसला लिया गया है। यह बैठक विवि के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार की अध्यक्षता में हुई थी। बैठक में सभी विद्यार्थियों को बिना परीक्षा के प्रमोट करने, पीएचडी रजिस्ट्रेशन, स्कीम और सिलेबस में बदलाव सहित विभिन्न निर्णयों पर मुहर लगाई गई।
बीए और बीटेक के सिलेबस में मामूली बदलाव
एकेडमिक काउंसिल की बैठक में बीए और बीटेक के सिलेबस में भी बदलाव किया गया है। सिलेबस के साथ स्कीम में भी कुछ परिवर्तन हुआ है। विवि प्रशासन के अनुसार बदलते समय के साथ सिलेबस में भी बदलाव जरूरी है। बीटेक के प्रिंटिंग और कंप्यूटर साइंस के अलावा बीए थर्ड ईयर के सिलेबस और स्कीम में आंशिक बदलाव को लेकर प्रस्ताव आया था।
ऐसे होंगे ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन में दाखिले
12वीं के अंकों के आधार पर मेरिट बनेगी। विवि में बीएससी फिजिक्स, कैमेस्ट्री, मैथ आदि में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को उनके उस कोर्स से संबंधित 12वीं कक्षा के विषय विशेष के 10 प्रतिशत अंकों की अतिरिक्त एडवांटेज मिलेगी। जैसे, विद्यार्थी बीएससी फिजिक्स में दाखिला लेता है तो उसकी 12वीं की मेरिट और 12वीं में फिजिक्स विषय में हासिल अंकों का 10 प्रतिशत जोड़कर मेरिट बनाई जाएगी। इसके अलावा पीजी में दाखिले के लिए ग्रेजुएशन के अंकों के आधार पर मेरिट बनाई जाएगी। यदि विद्यार्थियों का अंतिम सेमेस्टर का परिणाम नहीं आया है तो बाकी समेस्टरों के औसत अंकों के आधार पर मेरिट बनाई जाएगी।
डिस्टेंस प्रथम वर्ष के विद्यार्थी असाइनमेंट आधार पर होंगे प्रमोट
डिस्टेंस के विद्यार्थियों की भी परीक्षाएं नहीं होंगी और सभी को प्रमोट किया जाएगा। प्रथम वर्ष के जो विद्यार्थी अभी तक कोई भी परीक्षा नहीं दे पाए हैं, उन्हें असाइनमेंट व इंटरनल असेस्मेंट आदि के आधार पर अंक देकर प्रमोट किया जाएगा।
हमने सरकार की गाइडलाइंस को अप्रूव किया है। डिस्टेंस और रेगुलर के सभी विद्यार्थी प्रमोट होंगे और दाखिले के लिए कोई प्रवेश परीक्षा नहीं होगी। मेरिट के आधार पर दाखिले करेंगे। इसके लिए प्रोस्पेक्ट्स में भी बदलाव कर दिया गया है।
- प्रो. टंकेश्वर कुमार, कुलपति, गुजवि।
--------
- संदीप बिश्नोई