हिसार। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में दो दिन पहले मांगों को लेकर विद्यार्थियों ने धरना प्रदर्शन किया था। जिसमें विद्यार्थियों की कुछ मांगों पर विवि प्रशासन की तरफ से सहमति बनती हुई नजर आ रही है। धरना प्रदर्शन के बाद विवि प्रशासन ने विद्यार्थियों से एक सप्ताह का समय मांगा था। अब विवि प्रशासन हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं को आ रही परेशानी को जल्द दूर करने पर विचार कर रहा है। इसके अलावा विवि के विभिन्न कोर्सों में बढ़ाई गई फीस को कम करने की विद्यार्थियों की मांग को पर भी विवि प्रशासन विचार-विमर्श कर रहा है। गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं से हॉस्टल वार्डन रूम चेक करने के बहाने से परेशान करते हैं छात्राओं के हॉस्टल में प्रयोग करने के लिए लाए गए बिजली से चलने वाले उपकरण उठा लेते हैं और उसका जुर्माना भी वसूलते हैं। हालांकि विवि प्रशासन का कहना है कि हॉस्टल में इन सामानों पर पाबंदी लगाई गई है।
जीजेयू में हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं ने आरोप लगाया कि हॉस्टल से उनके सामान को उठा लिया जाता है। अगर उन्हें रूम में चाय बनानी हो या दूध गर्म करना हो तो वे इलेक्ट्रिक केतली का प्रयोग करते हैं या कपडों के लिए पर आयरन प्रेस का प्रयोग करते हैं, जिन्हें हॉस्टल वार्डन उठा कर ले जाते हैं और जुर्माना लगाने के बाद भी सामान वापस नहीं देते। इसके अलावा एक छात्रा ने बताया कि जब वह हॉस्टल से घर गई तो उसका कूलर उठा लिया जो उसे अभी तक नहीं दिया गया है।
फीस बढ़ोतरी के मामले में कमेटी का गठन किया गया है। इसके अलावा छात्राओं के सामान उठाने के मामले में भी उचित कदम उठाए जाएंगे। विद्यार्थियों की जायज मांगों के पूरा किया जाएगा। सभी मांगों पर विचार-विमर्श चल रहा है। -प्रो. विनोद छोकर, कुलसचिव, जीजेयू।