गोवा में पुरस्कार प्राप्त करते विजय कॉलोनी, जवाहरनगर निवासी होनहार ट्रायथलीट मन्नत सैनी। स्रोत
हिसार। जवाहरनगर की विजय कॉलोनी, निवासी ट्रायथलीट मन्नत सैनी ने आयरनमैन 70.3 गोवा के छठे संस्करण में कांस्य पदक जीता। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने वर्ष 2027 में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई किया।
पदक विजेता के पिता विजय सैनी ने बताया कि रविवार को मुकाबले में तैराकी के दौरान जेलिफिश के हमले और दौड़ के अंतिम चरण में मन्नत की मांसपेशियों में तेज ऐंठन हुई और उन्हें कुछ देर रुकना भी पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने प्रतियोगिता पूरी की। वह रजत पदक से महज 200 मीटर दूर रह गए और कांस्य पदक हासिल किया।
गोवा के मिरामार बीच पर आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 30 देशों के करीब 2,000 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें प्रतिभागियों को 1.9 किलोमीटर तैराकी, 90 किलोमीटर साइकिलिंग और 21.1 किलोमीटर दौड़ सहित कुल 113 किलोमीटर की दूरी तय करनी थी।
यह हैं प्रमुख उपलब्धियां
हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी (एचएसयू), राई के बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र मन्नत फ्रांस में आयोजित आयरनमैन 70.3 विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इसके अलावा हरियाणा राज्य ट्रायथलॉन प्रतियोगिता में एक स्वर्ण और दो रजत पदक तथा हरियाणा ओलंपिक में कांस्य पदक जीत चुके हैं। वह राष्ट्रीय खेलों में तीन बार हरियाणा का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।