हिसार। शहर के राजगढ़ रोड पर दो युवक शुक्रवार दोपहर 3:30 बजे स्कोड़ा गाड़ी में 2,200 रुपये का डीजल डलवा कर बिना रुपये दिए भाग गए। इस संबंध में पंप कर्मचारी ने आजाद नगर थाना पुलिस में शिकायत दी। शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। पुलिस पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।
शिकायत में साकेत कॉलोनी के रहने रहने वाले सुमित कुमार ने बताया कि एक साल से गांव मुकलान के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर मैनेजर का काम कर रहा है। 17 जनवरी की दोपहर बाद 3:30 बजे पेट्रोल पंप पर मौजूद था। इसी दौरान सफेद रंग की एक स्कोडा गाड़ी आकर रूकी। उसके अंदर दो युवक बैठे थे। गाड़ी में बैठे युवक ने सेल्समैन को 2,200 रुपये का डीजल डालने के लिए कहा तो सेल्समैन ने डीजल डाल दिया। उसके बाद युवकों ने सेल्समैन को रुपये नहीं दिए और वहां से चले गए। बता दें कि इस से पहले सिरसा मार्ग पर इसी अंदाज में कार सवार चार युवक पंप से पेट्रोल डलवाकर बिना रुपये दिए चले गए थे। सेल्समैन ने बाइक पर पीछा किया तो वही कार चौथा मिल के पास पंक्चर हुई खड़ी मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चारों युवकों को काबू कर केस दर्ज किया था।