अज्ञात वाहन की चपेट में आई बाइक, दूसरी बाइक खंभे से टकराई
माई सिटी रिपोर्टर
हिसार। सड़क हादसों में बुधवार को दो युवकों की मौत हो गई। पहले हादसे में अनियंत्रित बाइक खंभे से टकरा गई जबकि दूसरे हादसे में अनियंत्रित वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मृत्यु हो गई।
अग्रोहा क्षेत्र के गांव ठसका निवासी धर्मवीर (32) पुत्र रामपाल यहां एक औद्योगिक इकाई में सेवारत थे। वहां ड्यूटी के बाद मंगलवार रात वह बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान दुर्जनपुर गांव के पास वह अज्ञात वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए। यहां एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान बुधवार को उनकी मृत्यु हो गई।
वहीं, दूसरी घटना में अनियंत्रित बाइक खंभे से टकराने से बाइक पर सवार मोहल्ला आजादनगर निवासी मनिराज (34) पुत्र दिनेश महतो की मौत हो गई। मनिराज जिला समस्तीपुर बिहार के गांव बछोली के मूलवासी थे। अग्रोहा और आजादनगर थाना पुलिस ने पंचनामा, पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए। पुलिस घटनाओं की जांच कर रही है।