हिसार। पुलिस की नशा निरोधक टीम ने पंजाब से चिट्टा लाकर आदमपुर व आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को नशीले पदार्थ सहित गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने नशा तस्करी में संलिप्तता स्वीकार की है।
नशा निरोधक टीम प्रभारी उप निरीक्षक इंदर सिंह ने बताया कि गश्त के दौरान सूचना के आधार पर अग्रोहा क्षेत्र से एक गाड़ी सवार दो व्यक्तियों को काबू किया गया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान अनिल कुमार निवासी गांव गंगा, जिला सिरसा तथा अंकित पुत्र सुभाष निवासी गांव गया सीसवाल, जिला हिसार के रूप में बताई। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 36.600 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद चिट्टा और गाड़ी को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ थाना अग्रोहा में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
अन्य लोगों की भूमिका की भी हो रही जांच
पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस की ओर से की गई प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पंजाब से नशीला पदार्थ लाकर आदमपुर और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने का काम करते थे। आरोपी पहले भी नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल रहे है। इन आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में प्राथमिकी दर्ज है।