अग्रोहा। संदोल गांव में दो मार्गों का नाम शहीद सोमवीर और श्रवण के नाम से जाना जाएगा। यह बात शहीद सोमवीर ढुकिया की दूसरी पुण्यतिथि पर गांव संदोल के शहीद स्मारक में शहीद की प्रतिमा अनावरण समारोह में कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कही। मंत्री ने शहीद सोमवीर की प्रतिमा का अनावरण किया और फूलों की माला व पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शहीद वीर सोमबीर अमर रहे, शहीद श्रवण कुमार अमर रहे भारत माता की जय के नारों से पंडाल गूंज उठा।
इस दौरान शहीद सोमवीर की पत्नी निशा, मां शारदा, पिता रामकिशन की आंखों में आंसू छलक उठे। स्टेज पर पहुंचने पर मंत्री गंगवा को गांव के बुजुर्गों ने पगड़ी पहना कर स्वागत किया। मंत्री ने संदोल के जवान शहीद सोमवीर व शहीद श्रवण कुमार को नमन करते हुए कहा की उन्होंने शहादत देने का काम किया है।
हम घर में आराम से सो रहे हैं, लेकिन जवान देश की बॉर्डर पर रहकर रक्षा करने का काम करते है। हमारे गांव, हमारे देश के लिए गौरव की बात है इस दौरान ग्राम पंचायत ने गांव संदोल से श्यामसुख व संदोल से नंगथला सड़क का नाम शहीद सोमवीर व शहीद श्रवण कुमार के नाम रखने की मांग तो मंत्री ने सहमति जताते हुए कहा कि उन दोनों सड़क का नाम शहीदों के नाम रखने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस गांव में 30 से अधिक जवान सेवा में भर्ती होकर देश की सेवा कर रहे हैं। इस दौरान ग्राम पंचायत ने संदोल से बालक व नंगथला जाने वाले मार्ग को 18 फुट चौड़ा करवाने की मांग की।
सरपंच प्रतिनिधि सुरजीत मिठारवाल ने गांव में पुरानी पाइप को बदलवाने और ढाणियों में पीने के लिए पाइप लाइन बिछाने की मांग की तो इस पर मंत्री ने जल्द ही नई पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू करवाने का आश्वासन दिया। आंगनबाड़ी, लाइब्रेरी की मांग पर उनका डिपार्टमेंट के पास भेजकर जल्द ही कार्य करवाने को कहा है। सरपंच शीला देवी व सरपंच प्रतिनिधि सुरजीत सिंह मिठारवाल ने कहा की ग्राम पंचायत ने गांव में खिलाड़ियों की सुविधाओं के लिए साढ़े छह एकड़ जमीन खेल स्टेडियम के लिए दे दी है। खेल स्टेडियम बनने पर आसपास के कई गांवों को फायदा होगा।
इस मौके पर उकलाना हलके के पूर्व मंत्री अनूप धानक, हरियाणा माटी बोर्ड चेयरमैन ईश्वर सिंह, पूर्व चेयरमेन सतबीर वर्मा, शहीद सेवा दल के प्रदेश प्रधान सावन सिंह रोहिला, जिला प्रधान एवं पूर्व सरपंच बलबीर भांभू आदि मौजूद रहे।